छत्तीसगढ़ : महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में निवेश के नाम पर करीब 70 करोड़ रु. की धोखाधड़ी के मामले में 1 और आरोपी गिरफ्तार।
करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अंतागढ़ पुलिस की कार्रवाई।
निवेश पर 5 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) एवं डेढ़ वर्ष में रकम दोगुनी करने का दिया जाता था प्रलोभन।
प्रकरण में पूर्व में भी 2 आरोपी गिरफ्तार, अब सहयोगी आरोपी अमर कुमार निहाल भी गिरफ्तार।
छत्तीसगढ़ ( अंतागढ़-कांकेर ) ओम प्रकाश सिंह । महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों एवं सहयोगियों द्वारा कंपनी में पैसा निवेश करने पर 5 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) देने तथा डेढ़ वर्ष में निवेश की गई रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराए गए थे। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ के कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग 500 लोगों को अपने झांसे में लेकर करीब 70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई।
आरोपियों द्वारा पीड़ित सरकारी कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से ऋण लेने के लिए प्रेरित कर ऋण की पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई। शुरुआत में कुछ किश्तों का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने रकम देना बंद कर दिया और निवेशकों की जमा राशि लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना अंतागढ़ एवं साइबर सेल कांकेर की टीम द्वारा प्रकरण की विवेचना एवं आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रकरण में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। साइबर सेल कांकेर एवं थाना अंतागढ़ पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी।
पूर्व में आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका, साजा जिला बेमेतरा तथा आरोपी नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया था। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी विवेचना के दौरान सहयोगी आरोपी अमर कुमार निहाल को दिनांक। 24.10.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश कर जेल दाखिल किया गया।
किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा आर्थिक धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कांकेर पुलिस द्वारा आपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।





0 Comments