छत्तीसगढ़ : सांसद महेश कश्यप का आभार महज एक दिखावा, जनता को नहीं बल्कि तेल कंपनियों को फायदा पहुँचा रही केंद्र सरकार- आसिफ अली।
छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह । बस्तर के युवा नेता आसिफ अली ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा व्यक्त किए गए आभार पर तीखा प्रहार किया है। आसिफ अली ने कहा कि सांसद शायद इस तकनीकी पहलू से अनभिज्ञ हैं या जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं कि यह कटौती आम जनता को राहत देने के लिए नहीं, बल्कि तेल कंपनियों के घाटे की भरपाई के लिए की गई है।
• जनता को कोई राहत नहीं: आसिफ अली ने स्पष्ट किया कि इस तथाकथित "ऐतिहासिक उपहार" से पेट्रोल और डीजल के खुदरा दामों (Market Price) पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। जनता आज भी उसी महंगे दाम पर तेल खरीदने को मजबूर है।
• कंपनियों का फायदा: उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की यह नीति केवल उन तेल कंपनियों को वित्तीय मजबूती देने के लिए है जो वैश्विक स्तर पर नुकसान का हवाला दे रही थीं। सरकार ने टैक्स कम करके कंपनियों का बोझ तो हल्का कर दिया, लेकिन उसका लाभ आम आदमी की जेब तक नहीं पहुँचने दिया।
• सांसद की जानकारी पर सवाल: युवा नेता ने कहा, "बस्तर की जनता को गुमराह करने के बजाय सांसद को सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए। वैश्विक संकट के बीच जनता के हितों को सर्वोपरि रखने का दावा खोखला है, क्योंकि महंगाई का बोझ आज भी कम नहीं हुआ है।"
आसिफ अली ने अंत में मांग की कि यदि सरकार वास्तव में जनता का भला चाहती है, तो उसे एक्साइज ड्यूटी में ऐसी कटौती करनी चाहिए जिससे पेट्रोल-डीजल के दाम सीधे तौर पर कम हों और आम नागरिक को बढ़ती महंगाई से सच्ची राहत मिले।


0 Comments