उत्तर प्रदेश : टीचर्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया के बैनर तले 26 फरवरी को प्रदर्शन।
उत्तर प्रदेश ( रायबरेली ) ओम प्रकाश सिंह । टीचर्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के बैनर तले आगामी 26 फरवरी को विकास भवन में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आज विकास क्षेत्र डीह के बीआरसी सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने 22 फरवरी को ट्विटर (एक्स) पर चलाए जाने वाले हैशटैग अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही फेडरेशन के पदाधिकारियों द्वारा धरना-प्रदर्शन की सूचना जिला प्रशासन को विधिवत सौंप दी गई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शाखा-रायबरेली के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि शिक्षक समाज आज अपने भविष्य को लेकर गहरी चिंता में है। टीईटी संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षकों में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ, शाखा-रायबरेली के जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र यादव ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा और इस लड़ाई से पीछे हटने का कोई प्रश्न नहीं है। उन्होंने अधिकाधिक संख्या में शिक्षकों से 26 फरवरी के धरना-प्रदर्शन में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला मंत्री मुकेश चंद्र द्विवेदी, जिला मंत्री सिया राम सोनकर, डॉ. चंद्र मणि बाजपेई, हरिकेश यादव, दीपक कुमार, कमलेश ओझा, नीलेश शुक्ला, सुनील यादव, अनुराग शुक्ला, रवि श्रीवास्तव, विक्रमादित्य सिंह, मेराज अहमद सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




0 Comments