छत्तीसगढ़ : एमवीजी–सीटीएस रेलखंड पर भूस्खलन: बहाली कार्य में जुटी रेलवे की तकनीकी टीम, डीआरएम समेत शीर्ष अधिकारी मौके पर मौजूद।

छत्तीसगढ़ : एमवीजी–सीटीएस रेलखंड पर भूस्खलन: बहाली कार्य में जुटी रेलवे की तकनीकी टीम, डीआरएम समेत शीर्ष अधिकारी मौके पर मौजूद।



छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह । ​ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) के अंतर्गत रायगड़ा मंडल के एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच हुए भूस्खलन के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण रेलवे ने 13 से 22 अक्टूबर 2026 के बीच कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने तथा कई के फेरों में कटौती करने का निर्णय लिया है। इस बीच रेल प्रशासन युद्धस्तर पर ट्रैक को दुरुस्त कर जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के प्रयासों में जुटा हुआ है। 




​मार्ग को सुरक्षित और तेजी से बहाल करने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। मलबा रोकने और ट्रैक को सुरक्षित करने के लिए रेल पटरियों से मजबूत बैरिकेडिंग, जाली लगाने (नेटिंग) और उन्नत मड-कीपिंग तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। बहाली कार्यों की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रायगड़ा के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) और भुवनेश्वर से ईस्ट कोस्ट रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता (Principal Chief Engineer) समेत कई मंडल अभियंता प्रभावित स्थल पर लगातार डटे हुए हैं।




​रेलवे अधिकारी बी. तपन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वे स्वयं 24 सितंबर से मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और टीम जल्द से जल्द सेवाएं सामान्य करने का हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बहाली कार्यों की पारदर्शिता पर जोर देते हुए मीडिया प्रतिनिधियों को भी घटनास्थल पर आकर चल रहे राहत व मरम्मत कार्यों को देखने का आमंत्रण दिया है।




​उल्लेखनीय है कि बहाली कार्य चलने तक विशाखापट्टनम–किरंदुल (18515/18516) और राउरकेला–जगदलपुर (18107/18108) एक्सप्रेस जैसी गाड़ियां निरस्त रहेंगी, जबकि हावड़ा, भुवनेश्वर और विशाखापट्टनम से चलने वाली कई ट्रेनों को केआरपीयू (KRPU) स्टेशन तक सीमित रखा गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक माध्यमों से ट्रेनों की ताजा स्थिति अवश्य जांच लें।




Post a Comment

0 Comments