छत्तीसगढ़ : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में शहीद स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन।

छत्तीसगढ़ : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में शहीद स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन।



देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए कुल 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उनके अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को किया गया नमन।



शहीद जवानों के परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु हरसंभव सहयोग का दिया गया आश्वासन।



छत्तीसगढ़ ( कांकेर ) ओम प्रकाश सिंह ।  राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कांकेर में विधायक आशाराम नेताम, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू की उपस्थिति में शहीद स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।



पुलिस अधीक्षक कार्यालय के परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों द्वारा विशेष शोक परेड आयोजित की गई। शहीद जवानों के सम्मान में शोक शस्त्र की मुद्रा में सलामी दी गई तथा इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नक्सल मोर्चे पर कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।



पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) द्वारा विगत एक वर्ष ( 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026) की अवधि के दौरान देश की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्य निर्वहन करते हुए 154 शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों के नामों का सम्मानपूर्वक वाचन किया गया।



श्रद्धांजलि समारोह में डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, जिला सेनानी संजय शर्मा, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव सहित उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को मौन श्रद्धांजलि दी गई।



इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीयों द्वारा कांकेर जिले के शहीद जवानों के परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेने तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के प्रति आश्वस्त किया गया



राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले का वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 वीर जवानों की स्मृति में मनाया जाता है।



🚨कांकेर पुलिस वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करती है।उनका साहस, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

Post a Comment

0 Comments