छत्तीसगढ़ : बस्तर दशहरा पर्व के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने बस्तर पुलिस की आम जनता से अपील।
छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह । विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर मां दंतेश्वरी के दर्शन, मेला एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जगदलपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए बस्तर पुलिस द्वारा शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई है।
बस्तर दशहरा पर्व के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने एवं आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए बस्तर पुलिस ने निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए हैं—
यातायात व्यवस्था संबंधी प्रमुख दिशा-निर्देश :-
1. खरीदारी एवं मंदिर दर्शन: बाजार, मंदिर दर्शन एवं मीना बाजार जाने के लिए अधिक से अधिक पैदल चलने अथवा दोपहिया वाहनों का उपयोग करें।
2. चारपहिया एवं तीनपहिया वाहनों का कम उपयोग: भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तीनपहिया एवं चारपहिया वाहनों का यथासंभव कम उपयोग करें।
3. बेतरतीब पार्किंग पर प्रतिबंध: शाम 4 बजे से शहर में कहीं भी बेतरतीब पार्किंग अथवा सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें।
4. रथ परिक्रमा दिवस: रथ परिक्रमा के दिन निर्धारित समय से पूर्व ही मिताली चौक, गोल बाजार, सिरहासार चौक, यामहा शोरूम, पुराना तहसील ऑफिस (दामोदर पेट्रोल पंप साइड) एवं मुख्य पोस्ट ऑफिस की ओर वाहनों की पार्किंग न करें।
5. मावली परघाव दिवस: मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, चावल लाइन, संजय मार्केट, अग्रसेन चौक एवं गुरुगोविंद सिंह चौक की ओर वाहनों का उपयोग न करें।
6. भीतर रैनी एवं बाहर रैनी दिवस: मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, गोल बाजार, मेन रोड, एसबीआई चौक एवं कुम्हड़ाकोट की ओर कम से कम वाहनों का उपयोग करें। इन मार्गों पर बेतरतीब एवं सड़क किनारे पार्किंग न करें।
7. पार्किंग व्यवस्था: शहरवासी, व्यापारी एवं आम नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने सड़क तथा गलियों में वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित अथवा निजी परिसर के अंदर पार्किंग करें, ताकि यातायात बाधित न हो।
8. यातायात नियमों का पालन: सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
9. नशे में वाहन न चलाएं: नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा नाबालिगों को वाहन चलाने न दें।
बस्तर पुलिस ने समस्त शहरवासियों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बस्तर दशहरा पर्व की गरिमा एवं धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम रूप से पर्व में शामिल हो सकें।


0 Comments