छत्तीसगढ़ : विजयादशमी पर पुलिस लाइन कांकेर में विधि-विधान से संपन्न हुआ शस्त्र पूजन।
सुरक्षा, साहस और कर्तव्य के प्रतीक के रूप में पुलिस बल द्वारा शस्त्रों और वाहनों की गई पूजा।
छत्तीसगढ़ ( कांकेर ) ओम प्रकाश सिंह । विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) की उपस्थिति में पुलिस लाइन कांकेर में पुलिस विभाग की परंपरा के अनुरूप शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शासकीय शस्त्रों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। साथ ही हवन एवं फल की प्रतीकात्मक बलि देकर मंगलकामना की गई।
पुलिस विभाग में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा का विशेष महत्व है। जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में शस्त्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिवर्ष इस अवसर पर शस्त्रागार में रखे शासकीय शस्त्रों का विधिवत पूजन किया जाता है।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों, वाहन शाखा एवं कार्यशाला में उपयोग की जाने वाली मशीनरी, औजारों तथा विभिन्न तकनीकी उपकरणों का भी पूजन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभागीय संसाधनों के सुरक्षित संचालन, उचित रख-रखाव एवं कार्यक्षमता बनाए रखने की कामना की।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने सभी को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की भी अपील की।
कार्यक्रम में एसडीओपी कांकेर हरीश पाटिल,डीएसपी(मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, जिला सेनानी संजय शर्मा, एवं रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, यातायात प्रभारी दीपक साव सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।






0 Comments