छत्तीसगढ़ : लगातार बारिश के मद्देनजर कलेक्टर एवं एसपी ने किया- क्षेत्र भ्रमण।
संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
छत्तीसगढ़ ( नारायणपुर ) ओम प्रकाश सिंह । जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर बारिश एवं जलभराव की स्थिति का जायजा लिया गया।
इस दौरान नारायणपुर-पालकी मार्ग, बृहबेडा पुल, सोनपुर मार्ग, कुकुर नदी, महादेव तालाब एवं बंधवा तालाब सहित विभिन्न संवेदनशील एवं जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए बल को सतर्क रखा गया है।
नारायणपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बारिश एवं जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।






0 Comments