छत्तीसगढ़ : आगामी त्योहारों के मद्देनजर यातायात पुलिस ने ऑटो संघों की बैठक लेकर दिलाई नियमों के पालन की- शपथ।

छत्तीसगढ़ : आगामी त्योहारों के मद्देनजर यातायात पुलिस ने ऑटो संघों की बैठक लेकर दिलाई नियमों के पालन की- शपथ।



छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह । आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



इसी कड़ी में आज पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस जगदलपुर द्वारा शहर के विभिन्न ऑटो संघों के पदाधिकारियों और चालकों की एक आवश्यक बैठक ली गई।



इस बैठक में ऑटो संघ, आड़ावाल ऑटो संघ, न्यू मुख्य रूप कुम्हारपारा बस स्टैंड ऑटो संघ, आमागुड़ा चौक ऑटो संघ, रेलवे ऑटो संघ सहित शहर के अन्य सभी ऑटो संघों के सदस्य शामिल हुए। यातायात उप पुलिस अधीक्षक जयराम चेरमाको, एएसआई सुदर्शन दुबे, प्रधान आरक्षक प्रकाश देवांगन एवं यातायात स्टाफ ने उपस्थित होकर चालकों को आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव से अवगत कराया।



अधिकारियों ने चालकों को कड़े निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने में पुलिस का सहयोग करें। सभी चालक अनिवार्य रूप से अपने निर्धारित यूनिफॉर्म में रहें, वाहनों को निर्धारित स्टैंड पर ही पार्क करें और सवारियों को सड़क के बीच में न उतारें। इसके साथ ही, चालकों को ओवरलोडिंग न करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।



कार्यक्रम के अंत में यातायात पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी ऑटो संघों के चालकों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने, जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में शपथ दिलाई गई।



यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर आने वाले दिनों में सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments