छत्तीसगढ़ : आरपीएफ स्थापना दिवस..., आरपीएफ पोस्ट/जगदलपुर – प्रमुख कार्य, उपलब्धियाँ एवं विशेष आयोजन।
छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह । आरपीएफ स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पोस्ट/जगदलपुर रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, अपराध की रोकथाम तथा यात्रियों एवं आम जनता को मानवीय सहायता प्रदान करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।
वर्ष 2026 के दौरान आरपीएफ पोस्ट/जगदलपुर द्वारा यात्री सहायता, रेलवे सुरक्षा, अपराध की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए तथा सराहनीय उपलब्धियाँ हासिल की गईं।
वर्ष 2026 की प्रमुख उपलब्धियाँ
1. यात्रियों के छूटे हुए सामान की बरामदगी एवं सुपुर्दगी
आरपीएफ पोस्ट/जगदलपुर के कर्मियों द्वारा यात्रियों के छूटे हुए सामान से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 यात्रियों के छूटे हुए सामान को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3,64,000/- है।
2. ऑपरेशन “सेवा” के अंतर्गत यात्री सहायता
मानवीय सहायता के उद्देश्य से संचालित “ऑपरेशन सेवा” के तहत आरपीएफ कर्मियों द्वारा जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर 77 यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई। इनमें विशेष रूप से वृद्ध, बीमार, घायल एवं विशेष सहायता की आवश्यकता वाले यात्रियों को व्हीलचेयर एवं एस्कॉर्ट सहायता उपलब्ध कराई गई तथा उन्हें सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढ़ने एवं उतरने में सहायता प्रदान की गई।
*3. “नन्हे फरिश्ते” के अंतर्गत बच्चों का रेस्क्यू
ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत आरपीएफ कर्मियों द्वारा रेलवे स्टेशन/परिसर में पाए गए 3 बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित विभाग/प्राधिकरण के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई की गई।
4. प्रतिबंधित/मादक पदार्थों की बरामदगी
रेलवे के माध्यम से प्रतिबंधित एवं मादक पदार्थों के परिवहन की रोकथाम हेतु आरपीएफ द्वारा लगातार सतर्कता एवं निगरानी रखी गई। वर्ष के दौरान 21.71 किलोग्राम प्रतिबंधित/मादक पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹10,00,000/- है, बरामद किया गया तथा नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
5. एनजीटी संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई
रेलवे परिसर में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के अनुपालन में आरपीएफ पोस्ट/जगदलपुर द्वारा निरंतर निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। वर्ष के दौरान कुल 896 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹1,80,000/- का जुर्माना वसूल किया गया।
6. जन विश्वास अधिनियम, 2026 के अंतर्गत रेलवे अधिनियम – नो-पार्किंग एवं ट्रेसपासिंग के विरुद्ध कार्रवाई
रेलवे परिसर में अनधिकृत पार्किंग एवं रेलवे ट्रैक/परिसर में अनधिकृत प्रवेश (Trespassing) की रोकथाम हेतु नियमित जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। वर्ष के दौरान कुल 841 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹4,20,500/- का जुर्माना वसूल किया गया।
7. नियमित जन-जागरूकता अभियान
आरपीएफ कर्मियों द्वारा रेलवे स्टेशनों, आसपास के गांवों एवं विद्यालयों में नियमित रूप से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रियों, विद्यार्थियों एवं आम जनता को रेलवे सुरक्षा, रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश, सुरक्षित रेल यात्रा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के संबंध में जागरूक किया गया।
आरपीएफ स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन
आरपीएफ स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर आरपीएफ पोस्ट/जगदलपुर द्वारा सुरक्षा एवं सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
1. Unity Run (एकता दौड़):
आरपीएफ कर्मियों द्वारा एकता, अनुशासन, फिटनेस एवं सामुदायिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से Unity Run का आयोजन किया गया।
2. स्वच्छता अभियान:
रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित रेलवे परिसर के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा की गई।
3. वृद्धाश्रम में “सेवा”:
आरपीएफ कर्मियों द्वारा वृद्धाश्रम में जाकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया गया तथा सेवा एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। इस पहल के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
4. मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच:
आरपीएफ कर्मियों के बीच Friendly Volleyball Match का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, टीम भावना, आपसी सौहार्द एवं खेल भावना को बढ़ावा देना रहा।
5. वृक्षारोपण अभियान:
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे परिसर के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
6. श्रमदान:
आरपीएफ कर्मियों द्वारा श्रमदान के माध्यम से रेलवे परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता एवं रखरखाव में योगदान दिया गया। इस पहल का उद्देश्य सामूहिक जिम्मेदारी एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
आरपीएफ की प्रतिबद्धता
आरपीएफ स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर आरपीएफ पोस्ट/जगदलपुर यात्रियों की सेवा, सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संकल्प दोहराता है। रेलवे प्रशासन, स्थानीय प्रशासन तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए रेलवे परिसर में सुरक्षित, संरक्षित एवं यात्री-अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
“यात्री सेवा – यात्री सुरक्षा – रेलवे संपत्ति की सुरक्षा”
0 Comments