छत्तीसगढ़ : बस्तर में रफ्तार का महाकुंभ राइडर्स मीट २०२६ से बदलेगी पहचान, रोमांच और पर्यटन को मिलेगा- नया आयाम..!

छत्तीसगढ़ : बस्तर में रफ्तार का महाकुंभ राइडर्स मीट २०२६ से बदलेगी पहचान, रोमांच और पर्यटन को मिलेगा- नया आयाम..!



छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह। घने जंगलों, मनमोहक वादियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के लिए पहचाने जाने वाला बस्तर अब एक नई पहचान गढ़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्षों तक नक्सल प्रभावित छवि से जूझता रहा बस्तर अब बदल रहा है और इसी बदलाव की बानगी बनने जा रहा है ४ अप्रैल को आयोजित होने वाला बस्तर राइडर्स मीट २०२६। गरुड़ा द राइडर्स क्लब के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन न केवल रोमांच का केंद्र होगा, बल्कि बस्तर को नक्सल मुक्त, सुरक्षित और पर्यटन के लिए आकर्षक क्षेत्र के रूप में स्थापित करने की बड़ी पहल भी माना जा रहा है। 



आयोजक चंदन दास के अनुसार, इस मेगा इवेंट में देश के कोने-कोने से बाइकर्स के साथ-साथ जर्मनी सहित विदेशों से भी प्रोफेशनल राइडर्स के शामिल होने की संभावना है। लगभग ५०० से अधिक बाइकर्स ऊबड़-खाबड़ ट्रैकों पर डर्ट बाइक रेस और हैरतअंगेज स्टंट से दर्शकों को रोमांचित करेंगे। बस्तर के इतिहास में पहली बार इस तरह का बड़ा एडवेंचर इवेंट आयोजित किया जा रहा है, जो स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उन्हें साहसिक खेलों की ओर आकर्षित करेगा।यह आयोजन केवल बाइकिंग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती, वादियां, झरने और हरियाली को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। ५ अप्रैल को जगदलपुर से चित्रकोट जलप्रपात तक भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें पुलिस बल के जवान भी शामिल होकर सड़क सुरक्षा और हेलमेट पहनने का संदेश देंगे। 



आयोजन की एक खास बात यह भी है कि इसमें बस्तर की पारंपरिक संस्कृति, वेशभूषा और प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले लोग बस्तर की असली पहचान और स्वाद से रूबरू हो सकें। इसके साथ ही समाज और बस्तर के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर बस्तर को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत करने वाले इन्फ्लुएंसर/क्रिएटर्स को भी सम्मानित किया जाएगा। विशेष रूप से बस्तर को रिप्रेजेंट करने के लिए एक चर्चित बस्तर बुक को भी सम्मान मिलने की बात कही गई है। ऑटोमोबाइल प्रेमियों के लिए सुपर-बाइक्स की प्रदर्शनी, स्थानीय कलाकारों और संगीतकारों के लाइव प्रदर्शन तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन को और भी खास बनाएंगे। लगभग १००० से अधिक लोगों की भागीदारी वाले इस इवेंट को बस्तर में बाइक टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। 

प्रेस वार्ता के दौरान मेहुल चौबे, मोहित भंजदेव, संभव जैन, अनिल लुंकड़, हिमांशु गुप्ता, शुभंकर, आदिल, भावेश मरकाम, आयुष कुमरे, वनिता नेताम, शैलेंद्र साहू,विवेक पैगड, शुभम मंडल, तरुणा वेदरेकर, भगत बघेल, मनीष अय्यर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments